






खड़गपुर। बुधवार को राज्य में कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन का पहला मामला सामने आया। ज्ञात हो कि मुर्शिदाबाद जिले में सात साल के बच्चे में इसकी पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने खुद इसकी जानकारी दी है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि संक्रमित बच्चा अबू धाबी से हैदराबाद होते हुए पश्चिम बंगाल लौटा है। वह कोलकाता एयरपोर्ट से मालदा अपने रिश्तेदार के घर गया था। उन्होंने बताया लड़का अपने माता- पिता के साथ अबू धाबी से पहले हैदराबाद आया व फिर हैदराबाद से कोलकाता व फिर मालदा गया। लेकिन हैदराबाद में हुए जांच में वह ओमीक्रोन संक्रमित पाया गया।हांलाकि उसने हैदराबाद शहर में प्रवेश नहीं किया था। स्वास्थ्य विभाग को बुधवार सुबह ही हैदराबाद के अधिकारियों द्वारा उसकी ओमीक्रोन रिपोर्ट के बारे में सतर्क कर दिया गया था। ज्ञात हो कि सात- वर्षीय बच्चे को मालदा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले उसका मुर्शिदाबाद के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि बच्चे के माता-पिता को आइसोलेशन में रखा गया है और उनके संपर्क में आने वालों की पहचान की जा रही है लेकिन विमान में उसके साथ यात्रा करने वाले लोगों का पता करना आसान काम नहीं होगा।
इधर देश भर में बढ़ रहे नए वेरिएंट ओमिक्रन के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों को 15 जनवरी तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसी के साथ क्रिसमस और नए साल के मौके पर लोगों को कोरोना प्रतिबंधों में छूट भी दी है। राज्य सरकार ने बुधवार को जारी किए गए निर्देश में बताया कि क्रिसमस और नए साल के मौके पर सरकार ने 24 दिसंबर 2021 से 1 जनवरी 2022 तक नाइट कर्फ्यू यानी रात में लगने वाले प्रतिबंधों में ढील दी है। इस दौरान रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक जो प्रतिबंध थे उन्हें हटा लिया गया है। ये आदेश क्रिसमस और नए साल के जश्न के दौरान यानी सिर्फ 24 दिसंबर से 1 जनवरी 2022 तक ही लागू रहेगा। इस अवधि के दौरान बार और रेस्टोरेंट्स देर रात तक भी खोले जा सकते है। वहीं इस बीच लोगों को कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए भी कहा गया है।


Leave a Reply